बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र में अपने मित्रों के साथ साइकिल से घूमने गया कक्षा चार का छात्र रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। परिजनों ने अपहरण करने की रिपोर्ट लिखाई है। पुलिस ने शक के आधार पर गांव की नदी में गोताखोरों की मदद से छात्र को खोजा, मगर उसका कहीं पता नहीं चल सका है। छात्र एक टेलर का पुत्र है।
कोतवाली के ग्राम धावनी हसनपुर निवासी टेलर लईक अहमद ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसका इकलौता पुत्र मोहम्मद शारिक 11 वर्ष गांव के ही एक निजी विद्यालय में कक्षा चार में पढ़ता है। शारिक 31 जुलाई को अपराह्न करीब साढे तीन बजे गांव अपने दो दोस्तों के साथ गांव की नदी की तरफ साइकिल चलाने गया था।
शाम के वक्त उसके दोस्त तो घर को लौट आए, मगर उसका पुत्र वापस नहीं लौटा है। जब उनसे से मालूम किया तो वह कोई जवाब नहीं दे सके हैं। उन्होंने उसे बताया कि शारिक का उन्हें कोई पता नहीं कि वह कहां गया है। टेलर ने अपहरण की आशंका भी जाहिर की। पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
इसके बाद परिजनों व पुलिस ने छात्र को जंगल व आसपास के गांव में भी ढूंढना शुरु कर दिया। मगर रात तक वह नहीं मिल सका। पुलिस उपाधीक्षक सलोनी अग्रवाल भी रात गांव व जंगल में छात्र की खोज में पहुंची। सीओ ने गांव के पास बहने वाली सैंजनीं नदी में भी खोज कराई। बुधवार की सुबह से ही परिजनों व पुलिस ने फिर से छात्र को खोजना शुरु कर दिया। मगर छात्र का शाम तक पता नहीं चल पाया।
पुलिस ने टांडा बादली से गोताखोरों को बुलाकर नदी में काफी खोज कराई, मगर नतीजा शून्य ही रहा। छात्र के गायब होने से परिजनों खासकर मां स्वालेहा व दोनों बहनों रिफा व अलीसा का रो रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने दोपहर के दौरान बालक को बरामद करने की मांग को लेकर रोड पर जाम लगाने की योजना भी बनाई, मगर गांव के जिम्मेदार लेागों ने सभी को समझा दिया। कोतवाली प्रभारी आरपी सिंह ने बताय0ा कि छात्र को खोजा जा रहा है और पुलिस खोजने में लगी है।