भोट। वेतन भुगतान की मांग को लेकर हड़ताल पर बैठे कर्मचारी तीसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। प्रोजक्ट मैनेजर द्वारा अप्रैल माह तक का पूरा भुगतान किए जाने के बावजूद कर्मचारियों के हड़ताल पर बैठने को गलत बताते हुए कर्मचारियों को जल्दी ही भुगतान करने का आश्वासन दिया गया। लेकिन कर्मचारी पूरे बकाया वेतन की अपनी मांग पर अड़ रहे।
वेतन का भुगतान न होने पर कर्मचारियों ने गुरुवार सुबह खूंटाखेड़ा स्थित कंपनी के प्लांट में बैरियर बंद कर ताला लगाते हुए सारा काम रोक दिया था व मेन गेट पर ही हड़ताल पर बैठ गए थे। कर्मचारियों के आक्रोश को देखते हुए गुरुवार रात में ही कंपनी द्वारा अप्रैल माह का वेतन जारी करने पर भी कर्मचारी शनिवार को हड़ताल पर रहे व कंपनी प्रबंधन पर कर्मचारियों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी व प्रदर्शन किया। कर्मचारियों को कहना था कि जब तक उन्हें अप्रैल माह से अब तक का वेतन व बोनस तथा अवकाश के वेतन का भुगतान कर पीएफ का पैसा जमा नहीं किया जाएगा, तब तक वह हड़ताल खत्म नहीं करेंगे। भाकियू टिकैत के कार्यकर्ताओं ने भी कर्मियों की हड़ताल को समर्थन दिया है।