रामपुर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की ओर से लेखपालों की समस्याओं को लेकर मंगलवार से कलमबंद हड़ताल की जाएगी। इस दौरान लेखपालों के स्तर पर पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इस संबंध में लेखपालों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
सोमवार को लेखपाल संघ के तमाम सदस्यों ने जिलाधिकारी से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष महीपाल सिंह सागर ने कहा कि लेखपाल संघ की मांगों के संबंध में सरकार की ओर से कोई प्रगति नहीं की जा रही है। ऐसे में अब प्रांतीय आहवान पर दस दिसंबर से आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत दस से बारह दिसंबर तक तहसील स्तर पर संपूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इसके लिए सभी तहसील मुख्यालयों पर सुबह दस बजे से शाम को चार बजे तक प्रदर्शन किया जाएगा। 13 दिसंबर से 26 दिसंबर तक जिले के सभी कार्य बहिष्कार करते हुए जिला स्तर पर आंदोलन करेंगे, जबकि 27 दिसंबर को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। उन्होंने जिलाधिकारी को आंदोलन की जानकारी देने के साथ सभी लेखपालों से आंदोलन को सफल बनाने की अपील की। इस मौके पर जिला मंत्री सत्येन्द्र प्रकाश शर्मा समेत तमाम लेखपाल मौजूद रहे।