प्रदूषण की रोकथाम के लिए स्थानीय प्रशासन ने सोमवार को कड़ा रुख अपनाया। एसडीएम, तहसीलदार, दोनों नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी ने पांच-पांच गांवों में बैठक करके किसानों से पराली न जलाने की अपील की। वहीं सभी राजस्व गांवों में कानूनगो व लेखपालों ने दो हजार किसानों को 15-15 हजार जुर्माने के अग्रिम नोटिस जारी किए हैं।
शाहबाद में किसानों द्वारा खेतों में फसल के अवशेष की पराली न जलाने को लेकर अधिकारियों ने क्षेत्र के कई गांवों में किसानों के साथ बैठक की। एसडीएम अनुराग सिंह द्वारा शाहबाद के ग्राम रेवडीकलां, रूस्तमपुर, भरतपुर, बमनपुरी, खरसौल, ढकुरिया, शाहदरा, तालकाबाद, जाहिदपुर, गलपुरा में किसानों के साथ बैठक की।
सभी किसानों से पराली न जलाने को कहा। इस मौके पर एसडीएम ने कहा कि यदि समझाने के बावजूद भी कहीं कोई किसान पराली जलाते मिलते है, तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार शिव कुमार शर्मा द्वारा ग्राम भगवन्तपुर, बन्दार, चतरपुर तथा नायब तहसीलदार विश्वास दीक्षित द्वारा ग्राम रवाना, बडागांव, मंगोली, भीतरगांव, मंडेयान बदे, ढकिया, पट्टी फाजिलाबाद, धुरियाई में पहुंचकर बैठक की।