आजम के डायनामाइट वाले बयान पर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने एक बार फिर पलटवार किया है। कहा कि हम आजम की गीदड़ भभकी व डायनामाइट, बम की धमकी से डरने वाले नहीं है। कहा कि आजम को सरकारी धन के दुरुपयोग व गेस्ट हाउस पर कब्जे को लेकर जवाब देना होगा।
पूर्व मंत्री आजम खां के जौहर यूनिवर्सिटी और गेस्ट हाउस को डायनामाइट से उड़ाने के बयान पर सिसासत गर्माई हुई है। रविवार को प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री ने आदर्श कालोनी स्थित आदर्श धर्मशाला में आयोजित कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम में पूर्व मंत्री आजम खां पर निशाना साधा। कहा कि पिछले एक सप्ताह से सच और झूठ, भ्रष्टाचार की लड़ाई चल रही है। सच की यह लड़ाई हमें जीतनी है। हमने गरीबों के आंसू देखे हैं। उन्हें सड़कों पर चीखते चिल्लाते हुए देखा है। उनके घरों को उजड़ता हुआ देखा है। उन्हें डरा सहमा हुआ देखा है। अब हम जुल्म नहीं होने देगे।
कहा कि दबाव बनाकर गरीबों का गला घोंटकर गुंडागर्दी करके जो प्रापर्टी बनाई गई है, सब पर सरकार की नजर है। इन सब की जांच कराई जाएगी। कुछ जांच बैठ चुकी है। बाकी पर जल्द ही जांच होगी। कहा कि सरकार किसी की भी हो सरकार का पैसा निजी तौर पर खर्च नहीं हो सकता। जौहर यूनिवर्सिटी में पीडब्लूडी का 212 करोड़ गेस्ट हाउस बनवाया गया। पीडब्लूडी की सड़क है। अस्पताल में जल निगम की टंकी बनी है। सरकारी पैसे का खूब इस्तेमाल हुआ है। सरकारी पैसे के दुरुपयोग का हिसाब किताब तो देेना ही होगा। उन्होंने कहा कि हम डायनामाइट, बम, या किसी गीदड़ भभकी से डरने वाले नहीं हैं। कहा कि जब यूनिवर्सिटी बन रही थी कि हमने तभी कहा था कि यूनिवर्सिटी पढ़ाई के लिए नहीं बल्कि आतंकवादियों को शरण देने के लिए बन रही है। इसका सुबूत उन्होंने स्वयं दे दिया है।