मिलक में रंजिशन फूंकी गई दुकान में बिखरा सामान
- फोटो : अमर उजाला
युवक ने सरेआम एक महिला की जलपान की दुकान को पेट्रोल छिड़ककर दिन दहाड़े फूंक डाला। इस दौरान लोग तमाशबीन बने रहे और आरोपी युवक फरार हो गया।
नगर के मुहल्ला शाहू जी नगर निवासी शारदा के पति की कई साल पहले मौत हो गई थी। महिला मिलक-बिलासपुर रोड पर बिजली घर के पास किराए की दुकान लेकर गुजारे के लिए दुकान चलाती है। महिला दुकान पर चाय व नाश्ते का सामान रखती है।
एक युवक महिला की दुकान पर अपने परिवार के सदस्य को बैठने को लेकर मना करता है। महिला का आरोप है कि उक्त युवक कई बार यहां से दुकान बंद करके भागने को धमका चुका है। वह यहां पर रहकर अपने बच्चों का भरण-पोषण कर रही है। शुक्रवार को महिला से नाराज युवक दोपहर में दुकान पर पहुंच गया। आरोप है कि उसने दुकान पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। जिसमें हजारों का माल जलकर राख हो गया।
दुकान में रखी नगदी भी जल गई। दुकान फूंके जाने पर महिला बेहोश हो गई। आरोप है कि युवक आग लगाकर भाग लिया। आग की सूचना पर रामपुर से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची ,लेकिन जब तक आग बुझ चुकी थी।
महिला ने मामले की तहरीर पुलिस को आरोपी युवक आदर्श के खिलाफ दी है। पुलिस ने आरोपी युवक आदर्श के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।