सीतापुर जिले में सोमवार को रोड शो के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर जूता फेंके जाने की घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मचा हुआ है। इसी के मद्देनजर बुधवार को केमरी में होने वाली खाट पंचायत के जबरदस्त किलेबंदी की गई है।
एसपीजी ने पूरे इलाके को अपने कब्जे में ले लिया है और गहन जांच पड़ताल की जा रही है। जबकि स्थानीय स्तर पर भी तीन सीओ और संबंधित थानों की फोर्स तैनात की गई है। पंचायत स्थल पर संदिग्धों पर नजर रखने के लिए खुफिया को चप्पे पर तैनात किया गया है।
विज्ञापन
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की किसान यात्रा कड़े सुरक्षा घेरे में रहेगी। पुलिस व प्रशासन ने इसको देखते हुए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए है। मिलक से लेकर रामपुर तक चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े इंताजम किए हैं। पुलिस और पीएसी के साथ ही मिलक व केमरी में सीओ स्तर के अफसर लगाए गए हैं।
एडिशनल एसपी मोहम्मद तारिक ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में तीन सीओ, दस इंसपेक्टर के साथ ही पचास सिपाही तैनात किए गए हैं। साथ ही संबंधित थानों का पुलिस फोर्स भी तैनात रहेगा। एसपीजी अपने हिसाब से सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए है।