रामपुर। एसपी अनिल सिंह सिसोदिया ने मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में व्यापारियों के साथ गोष्ठी कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गोष्ठी में व्यापारियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और सुझाव पुलिस प्रशासन के समक्ष रखे, जिनके समयबद्ध निस्तारण का आश्वासन दिया गया।
एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापारियों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और उनके साथ बेहतर समन्वय बनाकर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा।
गोष्ठी के दौरान एसपी ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने, संदिग्ध व्यक्तियों या गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा नकदी और अन्य मूल्यवान वस्तुओं के लेन-देन के समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। साथ ही साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराधों से बचाव के लिए भी जागरूक किया तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या डिजिटल लेन-देन के मामले में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी।
बैठक में मौजूद व्यापारियों ने पुलिस की पहल की सराहना करते हुए कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए। एसपी ने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों के सहयोग से सुरक्षित व्यापारिक माहौल सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत रहेगी। गोष्ठी में सीओ ट्रैफिक यातायात राजवीर परिहार, सीओ क्राइम सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
0000
सावन व धार्मिक आयोजनों हेतु शांति समिति की बैठक, सहयोग का आह्वान
मिलक। सावन माह और आगामी धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को मिलक कोतवाली परिसर में क्षेत्राधिकारी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें पुलिस प्रशासन के अधिकारियों, संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सीओ ने कहा कि सावन में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से सुरक्षा, यातायात व कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। कोतवाली प्रभारी मनीराम सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा, जलाभिषेक व अन्य धार्मिक आयोजनों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सीओ प्रीतम पाल सिंह ने कहा कि सावन आस्था का पर्व है। सभी श्रद्धालु आपसी भाईचारे व अनुशासन से धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लें। संवाद