रामपुर। सपा नेता आजम खां के खिलाफ डूंगरपुर बस्ती को खाली कराने के नाम पर लूटपाट, मारपीट समेत अन्य संगीन धाराओं में दर्ज मुकदमे में बचाव पक्ष ने सफाई साक्ष्य के लिए 11 गवाहों की सूची कोर्ट में पेश की है। मामले की अगली सुनवाई के लिए 30 जुलाई की तारीख निर्धारित की गई है।
गंज थाने में डूंगरपुर बस्ती को खाली कराने के नाम पर लूटपाट, मारपीट समेत अन्य धाराओं में वर्ष 2019 में मुकदमे दर्ज हुए थे। इन मामलों में सपा नेता आजम खां, रिटायर्ड सीओ आले हसन समेत कई लोग आरोपी हैं। इन मुकदमों की सुनवाई इन दिनों कोर्ट में चल रही है।
मंगलवार को हुई सुनवाई के दौरान आजम खां वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोर्ट में पेश हुए। इस दौरान बचाव पक्ष की ओर से सफाई साक्ष्य के लिए 11 गवाहों की सूची पेश की गई। एडीजीसी सीमा राणा ने बताया कि सूची के अनुसार अब गवाह अपने बयान दर्ज कराएंगे। मामले की अगली सुनवाई 30 जुलाई को होगी।
000
शत्रु संपत्ति के छह मामलों को एक साथ सुनने पर 11 अगस्त को फैसला संभव
रामपुर। सपा नेता आजम खां के खिलाफ दर्ज शत्रु संपत्ति के छह मामलों की फाइलों को एक साथ सुनवाई के लिए जोड़ने संबंधी प्रार्थना पत्र पर एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट 11 अगस्त को फैसला सुना सकती है।
आजम खां के खिलाफ शत्रु संपत्ति पर कब्जे के आरोप में अजीमनगर थाने में चार तथा कोतवाली और सिविल लाइंस थाने में एक-एक मुकदमा दर्ज है। बचाव पक्ष ने इन छह मामलों की संयुक्त सुनवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया है, जिस पर कोर्ट में सुनवाई चल रही है।
अभियोजन अधिकारी स्वदेश शर्मा ने बताया कि छहों मामलों की फाइलों को एक साथ करने संबंधी प्रार्थना पत्र पर कोर्ट 11 अगस्त को अपना निर्णय सुना सकती है। संवाद