टांडा (रामपुर)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सूफियान अली कुरैशी बुधवार को टांडा के रामपुर रोड स्थित कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक चर्चा की तथा जौहर यूनिवर्सिटी के मुद्दे पर सरकार को निशाने पर लिया।
सूफियान अली कुरैशी ने कहा कि प्रदेश सरकार बदले की भावना से जौहर यूनिवर्सिटी के पीछे पड़ी हुई है। समाजवादी पार्टी जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने के लिए पूरी ताकत से संघर्ष कर रही है और पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता इसके लिए जी-जान से जुटा हुआ है।
उन्होंने कहा कि पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी ने उत्तराखंड के राज्यपाल रहते हुए उत्तर प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार संभालने के दौरान जौहर यूनिवर्सिटी को अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थान का दर्जा प्रदान किया था।
बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक रणनीति और जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों को प्रमुखता से उठाएं। इस दौरान डॉ. आजम, जहीर जिया, अब्दुल बर समेत बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।