तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली ने सोमवार को बाइक सवार पूर्व प्रधान के बेटे को कुचल दिया। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और संपर्क मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया और परिजनों की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव किरपिया पांडेय निवासी बाइक सवार विक्रम (25) और कूप गांव निवासी साथी सोनू सोमवार की सुबह अपने घर आ रहे थे। विक्रम पूर्व प्रधान का बेटा है। गांव के संपर्क मार्ग पर ईंटों से लदे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक सवार को टक्कर मार दी।
हादसे में विक्रम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कूप निवासी उसका साथी सोनू गंभीर रुप से घायल हो गया। हादसा होते ही ट्रैक्टर चालक और श्रमिक ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर भाग गए।
इसके बाद लोगों ने घायल सोनू को अस्पताल भेजा और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए संपर्क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप कर दी। लोगों का कहना था कि हादसे के काफी देर बाद भी पुलिस नहीं पहुंची।
जाम की सूचना पर उपजिलाधिकारी राकेश कुमार गुप्ता, सीओ ओपी आर्या और कोतवाल धर्मेंद्र कुमार यादव पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। तब गुस्साए लोग वहां से हटे। पुलिस ने बाद में विक्रम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। विक्रम की एक साल पहले ही शादी हुई थी, जिसका एक मासूम बालक है।