शराब के लिए मांग रहा था रुपये
शुक्रवार शाम को जगेसर गांव निवासी राजू भारती ने अपनी मां मायावती (50) से शराब पीने के लिए रुपये मांगे रहा था। मां ने रुपये देने से इनकार कर दिया। रुपये देने से मना करने पर आरोपी बेटे ने अपना आपा खो दिया और लाठी-डंडों से मां पर हमला कर दिया।
हाथ तोड़ा, सिर पर आई थी गंभीर चोटे
पिटाई इतनी की गई कि महिला का उल्टा हाथ टूट गया और सिर में गंभीर चोटे आई थी। महिला की चीख-पुकार सुनकर जब ग्रामीण बचाव के लिए दौड़े तो आरोपी छत पर चढ़ गया और ईंट-पत्थर बरसाने लगा। हालात बिगड़ते हुए देखकर ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह घायल महिला को बचाया और सीएचसी में भर्ती कराया था, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर महिला को मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया।
बेटी ने कराई एफआईआर
इस मामले में महिला की बेटी रोनी ने शुक्रवार रात को आरोपी भाई राजू भारती के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने शनिवार सुबह को आरोपी राजू भारती को जानलेवा हमले के आरोप में जेल भेज दिया था। इसी बीच शनिवार को किसी समय इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि अब मामले में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।