रामपुर बुशहर। प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू लागू होने के बावजूद रामपुर में सोमवार को बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान लोगों ने सामाजिक दूरी के नियमों की जमकर अवहेलना की। इस दौरान लोग संक्रमण से लापरवाह नजर आए। इस दौरान रामपुर बाजार में कहीं भी नहीं लग रहा था कि कर्फ्यू है। बाजार में हर जगह लोगों की ऐसी भीड़ उमड़ी की मानो कोरोना पूरी तरह से समाप्त हो गया हो।
बाजार में ढील के समय लोगों का खासा हुजूम उमड़ रहा है, जो कि संक्रमण के लिहाज से खतरनाक है। चार जिलों के प्रमुख व्यापारिक केंद्र में कोरोना कर्फ्यू के दौरान दी गई ढील के समय में बढ़ोतरी होने के कारण अब दूरदराज के लोग भी रामपुर बाजार पहुंच रहे हैं। इससे बाजार में लोगों की भीड़ में लगातार इजाफा हो जा रहा है।
कई स्थानों पर कोविड नियमों उल्लंघन को होते हुए साफ देखा गया। हालांकि बाजार खुलने से व्यापारी वर्ग तो खुश है, लेकिन शहर में बढ़ती लोगों की संख्या कहीं न कहीं संक्रमण को न्योता दे रही है। हालांकि कई स्थानों पर तो दुकानदारों ने कोविड नियमों को लेकर पुख्ता इंतजाम किए थे, वहीं कई स्थानों पर लोगों की खासी भीड़ के चलते सामाजिक दूरी के नियमों की अवहेलना होती पाई गई। कोरोना महामारी का दौर अभी थमा नहीं है, लोगों को अभी भी एहतियात बरतने की सख्त आवश्यकता है।
एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने उपमंडल के लोगों से आह्वान किया है कि वह अति आवश्यक कार्यों से ही बाजार आएं। सभी लोगों का दायित्व बनता है कि वे सावधानी बरतें और सरकार के जारी सभी निर्देशों का सख्ती से पालन करें।