सांगला (किन्नौर)। जिला मुख्यालय रिकांगपिओ के सरकारी आवासीय क्षेत्र में पुलिस ने दबिश देकर कच्ची शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में महिला के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस थाना रिकांगपिओ से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को किन्नौर पुलिस की विशेष अन्वेषण प्रभारी किन्नौर कुलदीप डोगरा की अगुवाई में आरक्षी विक्रम, आरक्षी संजय, महिला आरक्षी संगीता और एएसआई कल्पा शिवदेव जोक्टा की टीम रिकांगपिओ में गश्त कर रही थी।
इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रिकांगपिओ के साथ लगते आवासीय क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर कच्ची शराब बरामद की। महिला की पहचान भगतमणि (58), गांव कोठी, कल्पा के रूप में हुई है। पुलिस ने महिला के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39 (1)ए के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी किन्नौर एसआर राणा ने बताया कि पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।