यूपी में निजाम बदलने के साथ ही अब केंद्र के प्रोजेक्ट को प्रशासन ने तरजीह देनी शुरू कर दी है। रामपुर को स्मार्ट सिटी बनाने के प्रोजेक्ट को पास कराने के लिए प्रशासन अब नए सिरे से जुट गया है। प्रशासन ने अब स्मार्ट सिटी परियोजना के लिए 21 नए बिंदुओं को शामिल करते हुए इस प्रोजेक्ट को अंतिम रूप दे दिया है। इस प्रोजेक्ट पर अब लखनऊ में मुहर लगनी बाकी है।
केंद्र सरकार देश में सौ शहरों का चयन कर स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने जा रहा है। इसके तहत रामपुर को भी चिन्हित किया गया है। दो चरणों में रामपुर की ओर से दावेदारी जताई गई थी, लेकिन दोनों चरणों में इस प्रोजेक्ट को फेल कर दिया गया। दो चरणों के टेस्ट में फेल होने के बाद रामपुर एक बार फिर नए सिरे से स्मार्ट सिटी की दौड़ में शामिल होने जा रहा है। केंद्र के इस ड्रीम प्रोजेक्ट को अभी तक यूपी सरकार की ओर से कोई तरजीह नहीं दी जा रही थी लेकिन अब यूपी में निजाम बदलने के बाद भाजपा की सरकार आने के बाद अब सरकारी सिस्टम ने इस प्रोजेक्ट को गंभीरता से लेना शुरू कर दिया है।
स्मार्ट सिटी के लिए अब नए सिरे से प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। तैयार किए गए इस प्रोजेक्ट के तहत अब प्रशासन ने 21 बिंदुओं को नए सिरे से काम करना शुरू कर दिया है। बीते दिन इस प्रोजेक्ट को लेकर मंथन हुआ जिसमें विभिन्न विभागों के अफसरों से प्रस्ताव मांगे गए, जिसके तहत स्मार्ट सिटी का प्रोजेक्ट तैयार कर लिया गया।
नए सिरे से तैयार किए गए प्रोजेक्ट में रामपुर को टूरिज्म के लिहाज से विकसित करने पर जोर दिया गया है। इसके तहत सबसे प्रमुख प्रस्ताव स्वार बस अड्डे से हाईवे तक करीब 10.5 किलोमीटर लंबा साइकिल ट्रैक बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके साथ ही पूरे शहर को वाई फाई से युक्त रखने का भी प्रस्ताव रखा गया है। साथ ही स्ट्रीट लाइट के साथ सीसीटीवी कैमरे का भी प्रस्ताव रखा गया है। इस प्रस्ताव को तैयार कर लिया गया है।