रामपुर। सपा नेता आजम खां ने कहा कि बिहार का दूसरे चरण का चुनाव रामपुर, कुंदरकी, संभल और मिल्कीपुर की तर्ज पर होने के आसार हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के कट्टे वाले बयान पर फिर दोहराया कि यहां पर कट्टे बेचने वाले और उनके बेटे तक विधायक बन गए और कमांडो की सुरक्षा लिए हुए हैं।
लखनऊ में दायर केस में रिहा होने के बाद रामपुर वापस लौटे सपा नेता आजम खां ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने तो तमाम झूठे मुकदमे कायम कर दिए थे। लखनऊ की कोर्ट ने उन्हें रिहा कर दिया। इसके लिए अदालत का शुक्रिया। हम आशा करते हैं कि आगे भी कोर्ट झूठे मुकदमों से राहत देगी। यदि छोटी अदालत में न्याय नहीं मिलेगा तो बड़ी अदालत में जाएंगे।
उन्होंने बिहार चुनाव के दूसरे चरण पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सुना है कि बिहार में दूसरे चरण में हालात गंभीर होने जा रहे हैं। यह चुनाव ठीक वैसे ही होने की उम्मीद है जैसे रामपुर, कुंदरकी, संभल और मिल्कीपुर में हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार में कट्टे वाले बयान पर कहा कि कोई बड़ी बात नहीं है। रामपुर में तो पहले कट्टे बेचने वाले विधायक बने वह सिविल लाइंस थाने में पकड़े गए थे और वह विधायक बन गए थे।
इसके बाद उनके बेटे भी विधायक बन गए। उनके पास तो केंद्र सरकार के कमांडो भी हैं। उन्होंने अखिलेश से मुलाकात पर कहा कि उनसे पुराने ताल्लुक हैं। किसी राजनीतिक दबाव में मुलाकात नहीं की है।