बिलासपुर। वाणिज्य कर विभाग की एसआईबी (स्पेशल इंवेस्टिगेशन ब्रांच) ने बैटरी के बड़े कारोबारी के गोदाम से लेकर शोरूम तक 13 घंटे तक जांच की। फौरी तौर पर पकड़े गए करापवंचन के क्रम में कारोबारी ने टीम को मौके पर ही 22.50 लाख रुपये टैक्स जमा किया है। इसके अलावा तमाम दस्तावेज भी टीम अपने साथ ले गई है।
यह कार्रवाई बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे से लेकर रात के एक बजे तक चली। इसमें सात अधिकारी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि मुरादाबाद मंडल की एसआईबी टीम ने जॉइंट कमिश्नर मोहित गुप्ता के नेतृत्व में बैटरी कारोबारी के गोदाम से लेकर शोरूम तक में विभिन्न बिलों व अन्य दस्तावेजों में टैक्स अदायगी आदि बिंदुओं की जांच की।
इस टीम में डिप्टी कमिश्नर विकास चौधरी, असिस्टेंट कमिश्नर रणंजय सिंह यादव और रामपुर जिले से असिस्टेंट कमिश्नर मोबाइल मनोज कुमार मिश्र व अन्य अधिकारी मौजूद थे। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, बिलासपुर कस्बे में बैटरी के थोक विक्रेता के यहां यह कार्रवाई की गई है।
मौके पर पाया गया कि व्यापारी ने 42 लाख रुपये का माल बेच लिया और टैक्स भी नहीं अदा किया था। यही नहीं, जांच में यह भी पाया गया कि कारोबारी ने पूर्व में कैंसिल हो चुकी फर्मों से 90 लाख रुपये का माल उठाया और 18 प्रतिशत (करीब 17 लाख रुपये) टैक्स का करापवंचन कर लिया।
टीम के एक अधिकारी ने बताया कि कारोबारी के विरुद्ध करापवंचन के संबंध में पहले भी कई बार सूचनाएं मिली थीं। जिसके क्रम में यह कार्रवाई की गई है। उधर, कार्रवाई के लिए मौके पर कई गाड़ियों से बैटरी कारोबारी के गोदाम और शोरूम पर पहुंचे अधिकारियों को देख पूरे दिन कस्बे में हड़कंप मचा रहा। लोग मामले को लेकर जानने की उत्सुकता में रहे।