रामपुर। शहर में सोमवार को श्रीजी की भव्य रथयात्रा निकाली गई। यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। यात्रा का समापन श्री आदिनाथ जैन मंदिर पहुंचकर हुआ, जहां भगवान महावीर का पूजन किया गया।
सुबह साढ़े 10 बजे रथयात्रा श्री दिगंबर जैन मंदिर फूटा महल से शुरू होकर कोतवाली, हाथीखाना, शाहबाद गेट और शौकत अली रोड से होती हुई मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में जय जिनेंद्र के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह स्वागत द्वार बनाकर पुष्प वर्षा की और आरती उतारी।
कुबेर सुभाष चंद्र जैन बने। रथ के सारथी सुनील कुमार जैन रहे। मंगल कलश लेकर चलने का सौभाग्य शिल्पी जैन पत्नी शोभित जैन को मिला। श्रीजी के रथ पर प्रथम इंद्र अंकित जैन, द्वितीय इंद्र अविश जैन, तृतीय इंद्र सुरभित जैन और चतुर्थ इंद्र कृतांत जैन बने।
भक्ति संगीत, बैंड-बाजे और जयकारों के बीच निकली रथयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवक-युवतियां और बच्चे शामिल रहे। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा। इस मौके पर अन्य लोग भी मौजूद रहे।