रामपुर। अतिक्रमण की जद में उजाड़े गए दुकानदारों के लिए राहत की खबर है। राम-रहीम पुल के पास से हटाए गए दुकानदारों के लिए नगर पालिका मीना बाजार में एक नया शाॅपिंग कॉम्प्लेक्स बनवाएगी। इस कॉम्प्लेक्स में लगभग 200 दुकानें बनाई जाएंगी, जिन्हें उन दुकानदारों को आवंटित किया जाएगा, जिनकी दुकानें तोड़ी गई थीं। यह प्रस्ताव दुकानदारों और शहर विधायक के बीच सहमति से तय हुआ है और प्रशासन ने भी इस पर अपनी स्वीकृति दे दी है।
नगर पालिका ने हाल ही में राम-रहीम पुल के पास स्थित गन्ना सोसाइटी के बाहर बनीं करीब 40 दुकानों को ध्वस्त कर दिया था। इसके बाद अब पुराने रोडवेज के सामने और शिवि सिनेमा के पास स्थित मार्केट को भी तोड़ने की तैयारी चल रही है। दुकानें टूटने से इन दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया था। परेशान दुकानदार शुक्रवार को शहर विधायक आकाश सक्सेना से मिले और उन्हें अपनी दिक्कतें बताईं।
विधायक आकाश सक्सेना ने दुकानदारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और तत्परता से जिला प्रशासन से संपर्क किया। उन्होंने पुनर्वास और रोजगार के लिए मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील की। विधायक ने यह प्रस्ताव रखा कि यदि मीना बाजार में शाॅपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाए, तो वहां इन दुकानदारों को नई दुकानें आवंटित की जा सकती हैं, जिससे उनका रोजगार भी बच सकेगा और प्रशासन की मंशा भी पूरी हो सकेगी।
इस प्रस्ताव पर डीएम जोगिंदर सिंह ने तुरंत सहमति जताते हुए कहा कि यदि दुकानदार इस बात से सहमत हैं, तो नगर पालिका के माध्यम से शाॅपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। इस फैसले के बाद दुकानदारों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने विधायक आकाश सक्सेना का आभार व्यक्त किया।
-
पीएम के जन्मदिन पर दुकानदारों को मिलेगा गिफ्ट
मीना बाजार में बनने वाला शाॅपिंग कॉम्प्लेक्स जल्द बनकर तैयार हो जाएगा। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने बताया कि दिसंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन और विश्वकर्मा जयंती भी है। यदि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दुकानदार अपनी नई दुकानों में शिफ्ट होंगे, तो यह बेहतर रहेगा, जिस पर जिलाधिकारी ने भी सहमति जताई।
95 दुकानदारों को मिलेंगी दुकानें
शहर विधायक आकाश सक्सेना के अनुसार, मीना बाजार में वर्तमान में जो भी दुकानदार अपना कारोबार कर रहे हैं, उन्हें तो दुकानें मिलेंगी ही, बाकी 95 ऐसे दुकानदारों को दुकानें दी जाएंगी, जिनकी दुकानें टूटी हैं या टूटने वाली हैं। दुकानदार प्रशासन का सहयोग करें, उनके रोजगार की जिम्मेदारी सरकार की है।
ट्रैफिक दिन प्रतिदिन बढ़ रहा है। अब लोगों की सुविधा के लिए ढांचागत सुविधाओं का विस्तार होना भी आवश्यक है। किंतु, भाजपा सरकार यह भी सुनिश्चित करेगी कि किसी की रोजी-रोटी न छिने। दुकानदार हमारा परिवार हैं। हमारा बचपन इन्हीं के बीच बीता है। दुकानदारों के आग्रह के बाद डीएम से बात की थी, जिसके बाद डीएम ने मीना बाजार में शाॅपिंग कॉम्प्लेक्स बनवाने को कहा है। जहां इन दुकानदारों का पुनर्वास होगा।
-आकाश सक्सेना, शहर विधायक