रामपुर/आनी। कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए आज से प्रदेश में नई बंदिशें लागू होंगी। इसमें यातायात व्यवस्था सहित कई संस्थानों को आगामी आदेशों तक बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। संक्रमण के बढ़ते मामलों पर लगाम लगाने के लिए कोरोना कर्फ्यू में आज से नई व्यवस्था लागू होगी। सरकार की ओर से जारी निर्देशों के बाद रामपुर, कुल्लू जिले की आनी और निरमंड तहसील में आवश्यक वस्तुओं राशन, सब्जी, मीट, दूध की दुकानें 10 से 1 बजे तक खुली रहेंगी। हालांकि दवा की दुकानें पहले की तरह की खुली रहेंगी।
आदेशों में हार्डवेयर की दुकानें भी बंद रखने का निर्णय लिया गया है। हालांकि भवन निर्माण कार्यों पर कोई पाबंदी नहीं रहेगी। मनरेगा कार्य भी सुचारु रहेंगे, जबकि सार्वजनिक यातायात भी बंद करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा निजी वाहनों को मेडिकल या अन्य आपातकाल के समय प्रयोग किया जा सकेगा, लेकिन इसमें 50 फीसदी क्षमता से ही लोगों को बैठना होगा। इसके अलावा कोविड प्रोटोकॉल का भी लोगों को पालन करना होगा। हाईवे पर वाहन रिपेयर की दुकानें खुली रहेंगी।
इसके अलावा हाईवे पर ढाबे भी खुले रहेंगे, ताकि वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना न करने पड़े। वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों की आवाजाही निर्बाध होगी। कर्फ्यू की पालना को लेकर फ्लाइंग स्क्वॉयड पर लगातार नजर रखे हुए हैं। होम आइसोलेशन कमेटियां आइसोलेशन में रह रहे लोगों की लगातार निगरानी और सहायता कर रही हैं।
इनसेट
एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन और एसडीएम आनी चेत सिंह ने क्षेत्र के लोगों से संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को समाप्त करने के लिए सहयोग देने की अपील की है। उन्होंने सरकार की जारी एसओपी का सख्ती से पालन करने को भी कहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना कर्फ्यू के दौरान नियमों कर उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।