प्रदेश के लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी) मंत्री शिवपाल यादव ने कहा कि रामपुर में निर्माणाधीन पुल और सड़कों को जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा। निर्माण कार्य के लिए पैसे की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। आजम खां जहां भी सड़क और पुल निर्माण की बात कहेेंगे उस पर अमल किया जाएगा।
शिवपाल यादव बृहस्पतिवार को जौहर यूनिवर्सिटी में जौहर-डे पर आयोजित कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रामपुर को हम अपना शहर समझते हैं। यहां विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए मेरी और मेरे विभाग से जो भी सहयोग चाहिए उसके लिए मैं तैयार हूं।
इसके पहले आजम खां ने उनसे लालपुर पुल का निर्माण शुरू कराने और 7-8 सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कराने की बात कही। शिवपाल यादव इसके लिए हामी भर दी। जौहर विवि के वीसी मोहम्मद यूनुस ने यूनिवर्सिटी से गेस्ट हाउस तक सड़क निर्माण की बात कही। शिवपाल यादव ने उस मांग को भी स्वीकार कर लिया।
उन्होंने जौहर-डे पर आयोजित प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया और टीपू सुल्तान मार्केट के दुकानदारों को चाबी सौंपी। इस मौके पर नवाज देबवंदी, सरोजनी अग्रवाल, विजय सिंह, नसीर खां, अखिलेश कुमार, आसिम राजा, अजहर खां, सलीम कासिम, अब्दुला आजम खां, अदीब आजम खां, धनश्याम लोधी, अमरपाल यादव, रविंद्र कौर रहे।