केमरी। क्षेत्र के खेमपुर गांव में सात साल के मासूम की कुकर्म और हत्या कर शव खेत में फेंके जाने के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने कुछ संदिग्धों से पूछताछ की है। पुलिस को शक है कि शिवांश वहां किसी परिचित के साथ ही गया होगा। इसे देखते हुए पुलिस की जांच अभी करीबियों को फोकस करके ही की जा रही है। पुलिस की तीन टीमें जांच में जुटी हुई हैं।
क्षेत्र के खेमपुर गांव निवासी कंबाइन चालक सुनील कुमार कुमार का सात वर्षीय बेटा शिवांश मंगलवार को अचानक घर से गायब हो गया था। काफी तलाश करने के बाद भी मासूम का पता नहीं चलने पर उसके पिता ने केमरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बेटे को तलाश करने की गुहार लगाई थी। वहीं बृहस्पतिवार को पुलिस व परिजन मासूम को तलाश कर ही रहे थे,इसी दौरान गांव के पास ही स्थित एक गेहूं के खेत में बच्चे का क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना पर हड़कंप मच गया था।
वहीं, एसपी के आदेश पर घटना के खुलासे को तीन टीमों का गठन किया गया था। थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने बताया कि शुक्रवार को जांच टीमों ने गांव से कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए बुलाया था तथा आवश्यक पूछताछ के बाद छोड़ दिया है। गांव के सीसीटीवी फुटेज भी चेक की जा रही है। जल्दी ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। एएसपी अनुराग सिंह ने कहा कि पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं। जल्द ही पुलिस घटना का पर्दाफाश करेगी।