शिक्षामित्रों ने 14 अक्तूबर से भूख हड़ताल का एलान किया है। एक बैठक में लिए गए निर्णय में कहा गया कि पिछले पांच माह से वेतन न मिलने से शिक्षामित्र आर्थिक तंगी झेल रहे हैं। वित्त एवं लेखाधिकारी हठधर्मिता दिखाते हुए उनके वेतन को जारी नहीं कर रहे हैं।
शिक्षामित्रों ने वेतन जारी करवाने के लिए भूख हड़ताल का सहारा लेने का निर्णय लिया है। शुक्रवार को शिक्षामित्र संयुक्त मोर्चा की अंबेडकर पार्क में हुई बैठक में ये निर्णय लिया गया। बैठक में दूरस्थ बीटीसी शिक्षक संघ के अध्यक्ष होरी लाल सैनी ने कहा कि प्रदेश के अन्य जनपदों में माह अगस्त तक का वेतन जारी किया जा चुका है।
गुरुवार को ललितपुर और सहारनपुर में 11 सितंबर तक का वेतन जारी कर दिया गया है। जिले में वित्त एवं लेखाधिकारी की हठधर्मिता के कारण शिक्षामित्रों का वेतन जारी न कर शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पांच माह से वेतन न मिलने से शिक्षामित्रों के सामने आवास का किराया देने और बच्चों की फीस जमा करने की समस्या खड़ी हो गई है।
स्कूलों से बच्चों के नाम काटे जा रहे हैं। यदि 13 अक्तूबर तक वेतन जारी नहीं किया जाता तो शिक्षामित्र 14 अक्तूबर से वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय पर भूख हड़ताल करेंगे। इस दौरान हरपाल सिंह, मोहनलाल यदुवंशी, हरीश कुमार, रमेश, प्रेमसिंह, करन सिंह, देवेंद्र सिंह, राधेश्याम सैनी, शमशाद अहमद, लाल बहादुर, राजपाल सिंह, विनोद कुमार, रामवीर आदि मौजूद रहे।