शाहबाद। मुरादाबाद के कुंदरकी क्षेत्र में मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर देर रात सवारियों से भरे ऑटो को दूसरे वाहन ने टक्कर मार दी थी। यह हादसा कुंदरकी थाना क्षेत्र के भीकनपुर कुलवाड़ा गांव के पास ओवरटेक करने के प्रयास में हुआ। इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जिनमें एक युवक कृष्ण नाथ (19) शाहबाद के मोहल्ला भीतरगांव के रहने वाले थे। अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
परिवार वालों के मुताबिक कृष्ण नाथ मोहल्ले के ही राजकुमार और ऋषिपाल के साथ हलवाई का काम करते थे। बुधवार को तीनों एक कार्यक्रम में भोजन बनाने के लिए गए थे। वहां से बृहस्पतिवार देर रात को लौट रहे थे। यह तीनों मुरादाबाद तक ट्रेन से आए और उसके बाद तीनों ऑटो से शाहबाद की ओर आ रहे थे।
आते वक्त कुंदरकी के गांव भीकमपुर कुलवाड़ा पर हादसा हो गया। इस हादसे में कृष्ण नाथ के साथ कुंदरकी नगर के मोहल्ला नूरुल्ला में निकट पैंठ बाजार निवासी फल विक्रेता जैद उम्र (26), मझोला थाना क्षेत्र के मोहल्ला जयंतीपुर निवासी ऑटो चालक मोहम्मद सुल्तान (32) हुसैन की मौत हो गई।
राजकुमार की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है। इस हादसे की सूचना शाहबाद पहुंचते ही परिवार में चीत्कार मच गई। अचानक मौत से कृष्ण नाथ के पिता राजेंद्र नाथ, मां रिंकी समेत भाई बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक कृष्ण नाथ तीन भाइयों में मझला भाई था और एक बहन है।
बहन शिवानी की होने वाली थी शादी तय
शाहबाद। कृष्ण नाथ के परिजनों के मुताबिक अगले हफ्ते मृतक की बहन शिवानी की शादी तय होने वाली थी। शिवानी की शादी को लेकर घर में खुशियां चल रही थी। लेकिन अचानक हादसे की सूचना के बाद खुशियों पर पानी फेर गया। संवाद