रामपुर। तिगरी मेले के चलते हाईवे पर भारी वाहनों का रूट डायवर्जन किए जाने के बाद शाहबाद रोड पर वाहनों की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई है। चालकों ने वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कर दिया है, जिसकी वजह से जाम की स्थिति पैदा हो रही है। वहीं दूसरी ओर डायवर्जन का समापन बृहस्पतिवार को किया जाएगा।
तिगरी मेले के लिए लखनऊ दिल्ली हाईवे पर भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्ट कर दिया गया है। दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को शाहबाद रोड से गुजारा जा रहा है। लेकिन यह रूट लंबा होने की वजह से ज्यादातर भारी वाहन चालकों ने अपने वाहनों को शाहबाद रोड पर खड़ा करना शुरू कर दिया है। इसकी वजह से रामपुर से लेकर पटवाई व शाहबाद तक सड़क किनारे खड़े हुए हैं,जिसकी वजह से इस रोड पर लंबा जाम लग रहा है।
बुधवार को कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर लोगों ने रामगंगा नदी में डुबकी लगाने जा रहे थे। उनके वाहन भी जाम में फंसे हुए थे। ट्रैक्टर ट्राली, थ्री व्हीलर व जीप व अन्य वाहन काफी देर तक जाम में फंसे रहे,जिसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम देर शाम तक जारी रहा। सुबह से ही वाहनों की कतार लगी हुई थीं। वहीं दूसरी ओर हाईवे पर आज दिन भर रूट डायवर्ट रहा। इस दौरान याताताय पुलिस भी सक्रिय रही। यातायात निरीक्षक नवनीत कुमार ने बताया कि हाईवे पर रूट डायवर्जन अभी जारी है। यह डायवर्जन बृहस्पतिवार की शाम तक जारी रहेगा। इसके बाद हाईवे वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।
दौड़ती रहीं रोडवेज बसें और हल्के वाहन
हाईवे पर रोडवेज बसें और हल्के वाहन लगातार दौड़ते रहे, जिससे लोगों को तिगरी या फिर दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलती रही। हालांकि यह बताया जा रहा था कि तिगरी में भीड़ बढ़ने पर हल्के वाहन और रोडवेज बसों को भी प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।
-