पूर्व मंत्री आजम खां पर एक और घपलेबाजी का आरोप लगा है। पूर्व विधायक नवाब काजिम अली खां ने सरकारी धन से जौहर यूनिवर्सिटी में सेवन स्टार गेस्ट हाउस का निर्माण करा लेने का आरोप लगाया है। कहा कि आजम ने सत्ता का दुरुपयोग कर गेस्ट हाउस का निर्माण करा डाला। इस गेस्ट हाउस का कोई भी गेट यूनिवर्सिटी के बाहर के लिए नही खुलता है। उन्होंने इस प्रकरण की जांच कराकर कार्रवाई कराने की मांग की है।
पूर्व मंत्री आजम खां की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं। सरकार जाने के बाद उन पर आरोपों की झड़ी लग गई है। विरोधी लगातार हमलावर हो रहे हैं और तमाम गंभीर आरोप भी लगा रहे हैं। इसी क्रम में उनके धुर राजनीतिक विरोधी एवं स्वार टांडा के पूर्व विधायक नवाब काजिम अली खां नवेद मियां ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कहा कि सरकारी धन का आजम खां ने खूब दुरुपयोग किया है। सत्ता की ताकत का गलत इस्तेमाल किया गया। लोक निर्माण विभाग के पैसे से जौहर यूनिवर्सिटी में गेस्ट हाउस बनवा लिया गया। इस गेस्ट हाउस में सेवन स्टार होटल जैसी सुविधाएं हैं।
इस गेस्ट हाउस का कोई भी गेट यूनिवर्सिटी के बाहरी हिस्से को नहीं दिया गया है, इसमें कोई भी जनप्रतिनिधि व अफसर नहीं ठहर सकता। करोड़ों रुपये व्यय करके यूनिवर्सिटी के भीतर लोक निर्माण विभाग द्वारा गेस्ट हाउस का निर्माण कराया जाना सरासर दुरुपयोग है। आजम ने जौहर यूनिवर्सिटी में सरकारी धन का दुरुपयोग किया है। कहा कि निजी शिक्षण संस्थान में सरकारी धनराशि का लगाया जाना सरकारी धनराशि का दुरुपयोग है। इसलिए गंभीर होकर मामले की जांच कराई जाए साथ ही कार्रवाई की जाए।