बिलासपुर(रामपुर)। कोतवाली क्षेत्र के माटखेड़ा रोड पर ड्यूटी कर बाइक से घर लौट रहे एक सिक्योरिटी गार्ड की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर पैदल जा रहे एक श्रमिक से टकरा गई। हादसे में दोनों लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर घायल सिक्योरिटी गार्ड को जिला अस्पताल रेफर किया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फाजलपुर निवासी नरेश कुमार नवाबगंज रोड स्थित एक राइस मिल में सिक्योरिटी गार्ड है। बुधवार की शाम वह ड्यूटी कर बाइक से अपने घर जा रहे थे। माटखेड़ा रोड स्थित महावीर नेत्र चिकित्सालय के पास पैदल जा रहे मॉडल कॉलोनी निवासी श्रमिक छोटे लाल से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों घायल हो गए।
घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद नरेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि दूसरे घायल छोटे लाल को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। घटना की फिलहाल कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है, जबकि कोतवाली प्रभारी जीत सिंह ने घटना के प्रति अनभिज्ञता जताई है। संवाद