बिलासपुर। लखनऊ हादसे के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन ने कस्बे में संचालित कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान कोई बड़ी खामी नहीं मिली, जबकि कुछ संस्थानों को सुरक्षा व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए।
नगर पालिका के ईओ डॉ. नितिन गंगवार, अग्निशमन अधिकारी योगेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह और कस्बा चौकी प्रभारी योगेश सिंह पुंडीर की संयुक्त टीम ने शनिवार देर शाम कई संस्थानों का औचक निरीक्षण किया।
टीम ने फायर सेफ्टी उपकरण, आपातकालीन निकास द्वार, बिजली की वायरिंग, सीसीटीवी कैमरे और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं की जांच की। कुछ स्थानों पर कमियां मिलने पर संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
ईओ ने कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। अग्निशमन अधिकारी ने फायर सिलेंडर की वैधता बनाए रखने और फायर एग्जिट को अवरोधमुक्त रखने के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने संचालकों से छात्र-छात्राओं का पूरा ब्योरा रजिस्टर में दर्ज रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित मानकों का पालन न करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जल्द दोबारा निरीक्षण कर कमियों की समीक्षा भी की जाएगी।