स्वार में वर्षा के चलते मुख्य बाजार में जलभराव। संवाद
बिलासपुर(रामपुर)। रविवार की रात शुरू हुई बारिश मंगलवार को भी पूरे दिन होती रही। बारिश से नगर के बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा। जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। एसडीएम अरुण कुमार ने क्षेत्र की नदियों का भ्रमण कर जलस्तर का जायजा लिया। उन्होंने सभी बाढ़ चौकर प्रभारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
बारिश के कारण नगर के मोहल्ला सिंह कॉलोनी, डैम कॉलोनी, भट्टी टोला, विसारत नगर, टांडा हुरमतनगर, कायस्थान, साहूकारा आदि मोहल्ले में कुछ स्थानों पर जल भराव पैदा हो गया। बाद में पालिका कर्मियों ने पहुंचकर पानी की निकासी की। तहसील, कोतवाली, सीएचसी परिसर में भी जलभराव हो गया। खेतों में भी कुछ किसान अपने धान के खेतों में से अधिक भरे पानी को खेत से निकालते हुए देखे गए। किसानों का कहना था कि धान के खेतों में अधिक पानी भरा होने से धान के पौधों की जड़ों में नुकसान होने लगता है। बारिश की वजह से खेतों में खड़ी सब्जियों को काफी नुकसान हो रहा है। पालक आदि का साग नष्ट होने के कगार पर पहुंच चुका है। एसडीओ नहर नंदलाल ने बताया कि भाखड़ा डैम समेत अन्य सभी नदियों में अभी जल स्तर सामान्य ही है। उन्होंने नदियों में जल स्तर बढ़ने की संभावना को लेकर अपने मातहतों को अलर्ट करने की बात कही है।