शाहबाद। मिशन इंद्रधनुष के अंतर्गत टीकाकरण करने गई टीम के साथ एक महिला और उसके परिवार द्वारा टीकाकरण कराने से मना करते हुए हाथापाई कर दी। चिकित्साधीक्षक, पुलिस बल को साथ में लेकर मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद आरोपी महिला के खिलाफ तहरीर दे दी गई है।
मिशन इंद्रधनुष के अंतर्गत होने वाले टीकाकरण को लेकर शाहबाद के मोहल्ला नई बस्ती निवासी मोबिलाइज़र आज़मीन एवं एएनएम सरिता कुमारी कस्बे के मोहल्ला बेदान में मंगलवार को टीकाकरण करने गई थी। आरोप है कि बेदान मोहल्ले की रहने वाली एक महिला उज़मा नें टीकाकरण कराने से मना कर दिया था। उज़मा का आरोप था कि उसके दोनों बच्चों को तेज बुखार आ रहा है, और उनका उपचार एक निजी अस्पताल से चल रहा है। इसलिए महिला द्वारा टीका लगवाने से इनकार कर दिया था। जिस पर टीका न लगवाने को लेकर मोबिलाइज़र की महिला से कहासुनी हो गई। मोबिलाइज़र कर्मी का आरोप है कि टीकाकरण के लिए मना करने वाली महिला ने गाली-गलौज करदी। गाली-गलौज करने पर दोनों के बीच हाथापाई हो गई। हाथापाई के बाद हंगामा होने पर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। घटना की सूचना शाहबाद चिकित्साधीक्षक को दी गई।
जिसके बाद सूचना पाकर चिकित्साधीक्षक डॉक्टर सतपाल सिंह और पुलिस पहुंच गई। लेकिन चिकित्साधीक्षक और पुलिस के सामने भी मोबिलाइजर और आरोपी महिला की तीखी नोक-झोंक हो गई। महिला उज़मा का कहना था क्योंकि दोनों बच्चे बीमार हैं। और उनका उपचार शाहबाद के निजी अस्पताल पर चल रहा है। सूचना के बाद चिकित्साधीक्षक डॉ. सतपाल सिंह ने दोनों बीमार बच्चों को देखा और टीका लगवाने के लिए अपील की गई। मामला शांत होने के बाद चिकित्साधीक्षक ने आरोपी महिला के खिलाफ मारपीट करने के मामले में शाहबाद कोतवाली में तहरीर दे दी गई है। लेकिन देर शाम तक इस प्रकरण में कोई भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी।