रामपुर में रविवार को डीएमए स्कूल में क्लास को सैनिटाइज करता कर्मी।संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RAMPUR
रामपुर। कोविड-19 संक्रमण की वजह से सात माह से बंद स्कूल सोमवार को बच्चों से गुलजार होंगे। बच्चों के प्रवेश से लेकर बाहर जाने तक के लिए कोविड-19 के नियमों का सख्ती से पालन करना होगा। इसको लेकर जिलाधिकारी निर्देश जारी चुके हैं। रविवार को कई स्कूलों में क्लास रूम और बसों को सैनिटाइज किया गया। स्कूल खोले जाने की पूरी व्यवस्था जिला विद्यालय निरीक्षक कर रहे हैं। सीबीएसई स्कूलों की ओर से फिलहाल सिर्फ दसवीं और बारहवीं की कक्षाओं का संचालन होगा।
कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से मार्च से स्कूल, कॉलेज बंद चल रहे हैं। ऐसे में अब सात माह बाद सरकार ने 19 अक्तूबर से स्कूल खोलने की इजाजत दे दी है। पहले चरण में नौ से बारहवीं कक्षाओं तक के स्कूल खुलेंगे। सरकार के निर्देशों और प्रशासन की गाइडलाइन के बाद स्कूलों की ओर से भी तैयारी शुरू कर दी गई थी। रविवार को तमाम सीबीएसई और यूपी बोर्ड के स्कूलों में सिटिंग प्लान और सैनिटाइजेशन का कार्य किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार ने स्कूलों का भ्रमण कर जायजा भी लिया और जरूरी दिशा निर्देश दिए। सीबीएसई स्कूलों के प्रधानाचार्यों की मानें तो पहले चरण में सिर्फ दसवीं और बारहवीं की कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। हालांकि, एक सप्ताह बाद कक्षा नौ और ग्यारह के संचालन के बारे में विचार किया जाएगा। किन्तु, इसमें स्कूलों की ओर से अभिभावकों से बच्चों को स्कूल भेजने के लिए लिखित सहमति लेनी होगी। रामपुर की बात की जाए तो अधिकांश स्कूलों में सिर्फ 35 से 40 प्रतिशत अभिभावकों ने ही अपने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए सहमति जताई है।