फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur News: बच्चों को लेकर जा रही स्कूल वैन बाइक से टकराई, छह बच्चे घायल

Wed, 04 Nov 2026 12:49 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
दढ़ियाल (रामपुर)। टांडा-बाजपुर मार्ग पर नारायणपुर गांव के एक प्ले स्कूल से छुट्टी के बाद करीब 17 बच्चों को लेकर घर छोड़ने जा रही वैन अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए, जबकि बुलेट सवार दो लोग भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद वैन चालक मौके से भाग गया।
विज्ञापन

घटना मंगलवार दोपहर करीब पौने दो बजे भारत गैस एजेंसी के पास हुई। जानकारी के अनुसार, नारायणपुर स्थित प्ले स्कूल की छुट्टी दोपहर करीब 1:30 बजे हुई थी। इसके बाद वैन चालक करीब 17 बच्चों को लेकर उन्हें घर छोड़ने निकला था।
वैन टांडा-बाजपुर मार्ग पर भारत गैस एजेंसी के पास पहुंची ही थी कि सामने से आ रही बुलेट बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर लगते ही वैन में सवार बच्चे घबरा गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद चालक बच्चों को संभालने के बजाय मौके से भाग गया।
विज्ञापन

राहगीरों ने तत्काल वैन में फंसे और घायल बच्चों को बाहर निकाला। हादसे में जयदेव (7), ऋषि (9), मानक (3), तेजस (6) और वेदांश चौहान (4) समेत करीब आधा दर्जन बच्चे घायल हुए। सभी को नगर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को घर भेज दिया गया।
वहीं, बुलेट सवार अरमान और गुलफशा निवासी कटघर मुरादाबाद भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टांडा पहुंचाया गया। यहां से चिकित्सकों ने गुलफशा की हालत को देखते हुए रामपुर रेफर कर दिया।
सीओ टांडा पंकज पंत ने बताया कि स्कूली वैन की दुर्घटना की जानकारी मिली है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
000
बच्चों की हालत जानने के लिए दौड़े अभिभावक
हादसे की खबर मिलते ही बच्चों के अभिभावकों में अफरातफरी मच गई। चीख-पुकार के बीच परिजन घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। घायल बच्चों जयदेव और ऋषि के पिता मुकेश ने बताया कि वैन में करीब 17 बच्चे सवार थे। इनमें से आधा दर्जन बच्चे चोटिल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया।
000
स्कूल प्रबंधन ने ट्रांसपोर्ट की जिम्मेदारी से किया किनारा
स्कूल प्रबंधक योगेश कुमार का कहना है कि बच्चों के आवागमन के लिए ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था अभिभावक स्वयं करते हैं। इसका स्कूल प्रबंधन से कोई संबंध नहीं है। उधर, हादसे की सूचना पर चौकी प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें