स्वार (रामपुर)। क्षेत्र के भगवंतनगर के मजरा मेहंदीनगर गांव में बृहस्पतिवार दोपहर स्कूली बस की चपेट में आने से ढाई वर्षीय मासूम मोहम्मद आवान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर बस को रुकवा लिया। हालांकि चालक मौके से भाग गया। घटना से पूरे गांव में मातम छा गया, जबकि मासूम की मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना टांडा क्षेत्र के बैजनी गांव निवासी फैसल की ससुराल स्वार कोतवाली क्षेत्र के भगवंतनगर के मजरा मेहंदीनगर में है। उनकी पत्नी इन दिनों अपने मायके आई हुई थीं। बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे उनका ढाई वर्षीय बेटा मोहम्मद आवान घर के बाहर रास्ते पर खेल रहा था। इसी दौरान क्षेत्र के एक निजी विद्यालय की बस बच्चों को छोड़ने के लिए गांव पहुंची।
आरोप है कि एक बच्चे को उतारने के बाद चालक ने बस आगे बढ़ा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसी समय रास्ते के किनारे खड़ा मोहम्मद आवान बस के पहिए की चपेट में आ गया। बस का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। मासूम की एक चीख निकली और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद चालक बस लेकर वहां से निकलने लगा। आक्रोशित ग्रामीणों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर बस को रुकवा लिया। चालक बस छोड़कर मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू की, लेकिन परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई न करने की इच्छा जताई। इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, गांव में भी शोक का माहौल है। कुछ ही पलों में हंसते-खेलते बच्चे की मौत ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। परिजन शव लेकर अपने गांव बैजनी चले गए, जहां शव पहुंचने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सीओ सोनम सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इन्कार किया है। आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।