रामपुर। पुलिस लाइन में तैनात महिला सिपाही को स्कूल बुलाकर उसके साथ मारपीट कर अभद्रता की गई। इस मामले में स्कूल प्रबंधक के चाचा समेत चार लोगों के खिलाफ गंज पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस लाइन में तैनात एक महिला सिपाही के साथ हुई यह घटना सात मार्च की है। महिला सिपाही के अनुसार सात मार्च की सुबह 11 बजे बच्चे के स्कूल से फोन आने पर उसको लेने गई थी। वहां स्कूल में मौजूद विशाका निवासी डूंगरपुर ने आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इस दौरान स्कूल प्रबंधक के चाचा ने मारने के लिए उकसाते हुए पुलिस को बुलाने की धमकी दी। तभी विशाका और उसकी बहन ने महिला सिपाही को पकड़ लिया।
सभी ने महिला सिपाही के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए। वह गंंज थाने पहुंची। उसकी तहरीर पर गंज पुलिस ने विशाका, विशाका की बहन, विशाका की माता और प्रबंधक चाचा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी गंज पवन कुमार शर्मा ने बताया कि महिला सिपाही की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद