ब्रॉडबैंड सेवा से जुड़ा छोल्तू स्कूल
- फोटो : RAMPUR-HP
सांगला (किन्नौर)। पूनंग पंचायत के उपप्रधान विरेंद्र नेगी की पहल से उच्च विद्यालय छोल्तू ब्रॉडबैंड सेवा से जुड़ गया है। इंटरनेट की सुविधा मिलने से अब यहां के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही कक्षाओं में प्रोजेक्ट से पढ़ाई होगी। उपप्रधान ने जनजीतय क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मुहैया करवाने के लिए चार स्कूलों में ब्रॉडबैंड सेवाओं का खर्च उठाने का फैसला लिया है। इसके तहत जिले के निचार खंड के चार स्कूलों के सैकड़ों छात्रों को फायदा मिलेगा।
उच्च विद्यालय पूनंग के मुख्याध्यापक केसर सिंह नेगी ने बताया कि स्कूल की ब्रॉडबैंड सेवा का वार्षिक खर्च करने का जिम्मा पूनंग पंचायत के उपप्रधान विरेंद्र नेगी ने उठाया है। इस पर करीब 50 हजार रूपये खर्च आएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को ब्रॉडबैंड सेवा से गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्राप्त हो सकेेगी।
उन्होंने स्कूल प्रबंधन की ओर से इसके लिए उनका आभार जताया है। महिला मंडल अध्यक्ष सुदर्शना नेगी, युवक मंडल अध्यक्ष श्याम दीप, अरूण बेतरयान, मनजीत नेगी, शक्ति चंद, नरेश कुमार, जयराज नेगी सहित अन्य अभिभावकों ने उनके इस कार्य की सराहना की है।