शाहबाद (रामपुर)। सैफनी थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव से दावत खाकर लौट रहे सागरपुर गांव के प्रधान हाजी इरफान को हमलावरों ने पीछे से गोली मार दी। गोली लगने के बाद चीख-पुकार मच गई। घायल प्रधान को मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुधवार देर रात सैफनी थाना क्षेत्र के सागरपुर के मौजूदा ग्राम प्रधान हाजी इरफान पड़ोस के गांव किशनपुर में दावत खाने गए थे। देर रात करीब नाै बजे ग्राम प्रधान वहां से लौट रहे थे। सागरपुर गांव के पास पहुंचते ही पीछे से आए हमलावरों ने आगे चल रहे बाइक पर सवार ग्राम प्रधान के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
इस दौरान एक गोली ग्राम प्रधान की पीठ में लग गई। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े। प्रधान की पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी गई। परिवार के लोग घायल अवस्था में ग्राम प्रधान को तुरंत मुरादाबाद के निजी अस्पताल ले गए।
उधर, सूचना पाकर सैफनी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से तीन खोखे कारतूस के बरामद किए हैं। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है और छानबीन कर रही है। गांव में चर्चा है कि कुछ दिन पूर्व किसी काम को लेकर गांव में ही प्रधान का विवाद हुआ था।