सैफनी। दनियांपुर रोड पर युवक और महिला से लूटपाट करने वाले एक बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की बाइक, तमंचा, कारतूस और लूटे गए सोने के कुंडल बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 17 अप्रैल की रात नगर के मझरा मोहल्ला निवासी समीर अली अपनी रिश्तेदार मेहताब जहां को दनियांपुर गांव छोड़ने जा रहे थे। रास्ते में बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे की बट से मारपीट की और महिला के सोने के कुंडल, नाक की लोंग, मोबाइल फोन और नकदी लूटकर फरार हो गए।
बृहस्पतिवार सुबह धुरियाई गांव के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की होंडा शाइन बाइक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक बाइक सवार ने भागने के दौरान फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली उसके पैर में लगी और वह गिर पड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रजत उर्फ बच्चा निवासी बाजपुर, उधमसिंह नगर बताया। उसका साथी सोनू उर्फ सतेंद्र फरार है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो सोने के कुंडल, 315 बोर का तमंचा, कारतूस और 600 रुपये बरामद किए हैं। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।