रामपुर। टीजीटी परीक्षा के मद्देनजर रामपुर रोडवेज डिपो ने बरेली और मुरादाबाद के लिए अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है। तीन और चार जून को होने वाली परीक्षा के दौरान इन रूटों पर यात्रियों, विशेषकर परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है।
डिपो प्रभारी रामप्रकाश ने बताया कि बरेली और मुरादाबाद रूट पर पहले से ही दैनिक यात्रियों की संख्या अधिक रहती है। परीक्षार्थियों के जुड़ने से सीटों के लिए परेशानी हो सकती है। इसे देखते हुए दोनों रूटों पर दो-दो अतिरिक्त बसें तैनात की जाएंगी। ये बसें सुबह छह बजे से उपलब्ध रहेंगी और नियमित बसों के भरने के बाद संचालित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि जिस रूट पर परीक्षार्थियों की संख्या अधिक होगी, वहां भी अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पूछताछ काउंटर और अनाउंसमेंट के माध्यम से बसों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।