नैनीताल हाईवे स्थित पीलाखार नदी के पुल पर शनिवार की सुबह छह बजे टायर बर्स्ट हो जाने से लकड़ी लदा ट्रक पलट गया। लकड़ियां पुल पर बिखर गईं। जिससे पुल के दोनों ओर वाहनों की कतार लगनी शुरू हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रूट डायवर्ट कर वाहनों को गुजारना शुरू कर दिया। बाद में क्रेन मंगवाकर ट्रक को मार्ग से हटवाया। सुबह करीब साढ़े नौ बजे हाईवे पर यातायात सुचारु हो पाया। इस दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार की सुबह छह बजे एक ट्रक लकड़ियां लेकर नगर से रामपुर लकड़ी मंडी जा रहा था। भोट थाने से पहले नैनीताल हाईवे स्थित पीलाखार नदी पुल के बीच ट्रक का अगला और पिछला पहिया बर्स्ट हो गया। जिसके कारण ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा होते ही चालक नौशाद निवासी मोहल्ला विसारत नगर, बिलासपुर तो कूद गया लेकिन क्लीनर मुन्ना और श्रमिक अजीम ट्रक में दब गए। चीखपुकार पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई।
घायलों को बाहर निकालकर चिकित्सक के पास भेजा। इधर, हादसे के बाद ट्रक में भरी लकड़ियां पुल में बिखर गई। रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया। जिससे पुल के दोनों ओर वाहनों की कतार लगनी शुरू हो गई। जाम लगने पर स्थानीय पुलिस ने जिला मुख्यालय सूचना देकर रामपुर से आने वाले वाहनों को वाया केमरी और रुद्रपुर से आने वाले वाहनों को केमरी तिराहे से वाया केमरी होकर गुजराना शुरू कर दिया। पुलिस ने करीब नौ बजे क्रेन मंगवाकर ट्रक को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। थाना प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि साढ़े नौ बजे हाईवे खाली करवा दिया गया था।