रामपुर। कनेक्टिविटी ठप होने के कारण सोमवार सुबह रेलवे आरक्षण सेवा करीब ढाई घंटे तक बाधित रही। इस दौरान टिकट आरक्षण कराने पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा और ढाई घंटे तक कतार में लगा रहना पड़ा।
कोरोना काल में धीरे-धीरे ट्रेनों का संचालन पटरी पर आ रहा है। कुछ एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनों का संचालन शुरू होने के कारण अब रेलवे आरक्षण विंडो पर भी लोग पहुंचने लगे हैं। सोमवार सुबह जब रेलवे टिकट आरक्षण प्रक्रिया शुरू हुई तो कनेक्टिविटी ठप हो गई। पहले लोगों ने कुछ देर में कनेक्टिविटी आने की आस में प्रतीक्षा की लेकिन, काफी देर तक जब टिकट बुकिंग नहीं हो सकी तो लोग परेशान होने लगे। सुबह करीब आठ बजे से साढ़े दस बजे तक आरक्षण सेवा कनेक्टिविटी न होने के कारण पूर्ण रूप से बाधित रही। इसके बाद भी स्पीड स्लो ही रही और टिकट आरक्षण में काफी समय लगा। स्टेशन अधीक्षक आरडी मीणा ने बताया कि करीब ढाई घंटे तक टिकट आरक्षण नहीं हो सका था। कनेक्टिविटी न होने के कारण आरक्षण सेवा बाधित रही थी। इसके बाद सुचारू कर दी गई।