पटवाई। थाना क्षेत्र में एक किसान के खेत में गोवंशीय पशु के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही हिंदू संगठन के लोग मौके पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने अवशेष को बरामद कर जांच के लिए भेजा है। एएसपी ने इस मामले में जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग शांत हुए।
पटवाई थाना क्षेत्र के नईमगंज गांव निवासी किसान नेपाल के खेत में गड्ढा खोदकर गोवंश पशु के अवशेष दबे मिले । गांव के ही किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर हिंदू संगठन के लोग मौके पर पहुंच गए और एकत्र होकर खेत में ही बैठ गए और हंगामा करने लगे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गड्डे को दोबारा खुदवाया तो उसके अंदर गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिले। यह देख सबके होश उड़ गए। हिंदू संगठन के लोग विरोध करते हुए नारेबाजी करने लगे। जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंच गए और हिन्दू संगठन के लोगों से बात की। हिंदू संगठन के लोगों ने तुरंत कार्रवाई की मांग की।
एएसपी ने तीन दिन के अंदर खुलासा करने की बात कहीं। इस बात पर सभी कार्यकर्ता मान गए। अपर पुलिस अधीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अज्ञात में केस दर्ज किया जाएगा। तीन दिन का खुलासे के लिए समय दिया गया है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा। फिलहाल मामला शांत कर दिया गया है।