संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) द्वारा शहर में विकसित की जाने वाली पहली गेट बंद टाउनशिप निर्माण के प्रस्ताव पर राज्यपाल की मुहर लग गई है। राज्यपाल की मुहर लगने के बाद शासन ने काॅलोनी के लिए एक अरब रुपये जारी कर दिए हैं।
इस धनराशि से बढ़पुरा शर्की, पहाड़ी और ताशका गांव की जमीन पर कॉलोनी विकसित होगी। कॉलोनी बसाने के लिए अब आरडीए प्राप्त हुई धनराशि से जमीन की खरीदारी करेगा। इसी क्रम में बैंक ने भी प्रशासन की टाउनशिप योजना पर मुहर लगाते हुए करीब 200 करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत कर दिया है।
बड़ी बात ये है कि रामपुर में आरडीए स्थापित होने के 18 साल बाद पहली टाउनशिप बनने जा रही है। इसे लेकर पिछले माह प्रमुख सचिव आवास के साथ ही हाउसिंग कमिश्नर ने टाउनशिप के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। आरडीए ने आगामी 10 वर्षों की जरूरत को देखकर शहर में रामपुर-शाहबाद रोड, मुरादाबाद-बरेली रोड एवं रामपुर-नैनीताल रोड के मध्य आवासीय योजना का विकास प्रस्तावित किया है।
यह टाउनशिप विकसित करने के लिए गांव पहाड़ी, भमरौआ, बढ़पुरा शर्की और ताशका गांव की जमीन अधिग्रहीत की जानी है। धनराशि प्राप्त होते ही जिला प्रशासन ने पूर्व से चिह्नित भूमि के अधिग्रहण की तैयारी भी शुरू कर दी है। प्रशासन का सारा फोकस यहां पर निजी जमीन के अधिग्रहण को लेकर है। यहां के किसानों की 65.6345 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहण के लिए कवायद तेज कर दी गई है।
इसके लिए राजस्व विभाग की टीम को लगाया गया है। सदर तहसील की टीमों ने किसानों से समन्वय बनाने का काम शुरू कर दिया है। शासन इस प्रस्ताव को पहले ही मंजूरी दे चुका था। अब राज्यपाल ने भी शासन के इस प्रस्ताव पर वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। शासन ने अभी 28 मार्च के दिन आरडीए को टाउनशिप के लिए 100 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं।
इस संबंध में आवास एवं नियोजन विभाग के विशेष सचिव राजेश कुमार राय ने आरडीए उपाध्यक्ष एवं डीएम जोगिंदर सिंह को एक पत्र के माध्यम से एक अरब रुपये जारी होने की बात कही है। शासन की ओर से जारी आदेश प्रशासन को मिल गया है। अब जल्द ही टाउनशिप को विकसित करने के साथ ही इसके लिए जमीनों का अधिग्रहण शुरू कर दिया जाएगा।