रामपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में रामपुर रजा लाइब्रेरी की ओर से 19 से 25 जून तक योग उत्सव कार्यक्रम कराए जाएंगे। इसको लेकर रणनीति तैयार कर ली गई है।
लाइब्रेरी के निदेशक डाॅ. पुष्कर मिश्र ने कहा कि योग उत्सव का उद्देश्य योग की प्राचीन भारतीय परंपरा, उसकी आध्यात्मिक, शारीरिक और सांस्कृतिक महत्ता को जनसामान्य तक पहुंचाना है। संस्कृति मंत्रालय और आयुष मंत्रालय ने 189 ऐतिहासिक स्थल चिह्नित किए हैं, जिसमें रामपुर रजा लाइब्रेरी को भी रखा गया है।
19 जून को सुबह साढ़े 10 बजे से एक राष्ट्रीय संगोष्ठी होगी। संगोष्ठी प्रयागराज से लेखक और चिंतक उच्च न्यायालय, इलाहबाद के वरिष्ठ अधिवक्ता रविराज सिंह, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रो. सैयद तारिक मुर्तजा, राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षक रत्न जैन इंटर कॉलेज के प्रवक्ता मुनीष चंद्र शर्मा और पतंजलि योगपीठ की महामंत्री अनिता शुक्ला अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने कहा कि दोपहर एक बजे से दरबार हॉल में एक विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। यह प्रदर्शनी योग के इतिहास, उसके शास्त्रगत मूल्यों और आधुनिक समाज में उसकी भूमिका को चित्रों, पांडुलिपियों और दृश्यों के माध्यम से प्रस्तुत करेगी। यह प्रदर्शनी 25 जून तक प्रदर्शित की जाएगी। कहा कि 20 जून सुबह में युवाओं में योग के प्रति आकर्षण जागृत करने के लिए योग दर्शन थीम पर प्रश्नोत्तरी और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद स्वर साधना योग कराया जाएगा।
मुख्य योगाभ्यास कार्यक्रम 21 जून को सुबह साढ़े पांच बजे से होगा। सात से साढ़े सात तक सामान्य योगा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए योगाभ्यास कार्यक्रम विशेषज्ञ योगाचार्य द्वारा रामपुर रज़ा पुस्तकालय के प्रांगण में किया जाएगा। इसके बाद निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता होगी। साढ़े आठ बजे पौधरोपण कराया जाएगा।
-