रामपुर। शाहजादनगर थाना क्षेत्र में ईंट-भट्ठे पर अनुसूचित जाति (एससी) की नाबालिग लड़की के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट जिलाधिकारी के निर्देश के बाद दर्ज की है। एसडीएम शाहबाद और मिलक की रिपोर्ट मिलने के बाद जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने शाहजादनगर थाना के एसओ को इस संबंध में निर्देश दिए थे। इसकी कॉपी उन्होंने एसपी को भी भेजा था।
शहजादनगर थाना क्षेत्र में स्थित ईंट-भट्ठे पर नाबालिग लड़की के साथ 13 जनवरी की रात सामूहिक बलात्कार की घटना हुई थी। थाने में शिकायत दर्ज कराने जाने के बाद पुलिस ने पीड़ित की बात को गलत बताते हुए रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने एसडीएम शाहबाद को अपने बयान दर्ज कराए थे। महिला मजिस्ट्रेट (एसडीएम मिलक) ने पीड़िता के बयान दर्ज किए थे। दोनों ने अपनी रिपोर्ट शनिवार की रात जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह को भेज दी थी। इस रिपोर्ट में पीड़िता के साथ दरिंदगी की पुष्टि की गई थी। रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने शनिवार की देर रात ही शहजादनगर एसओ को मुकदमा दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल कराने का निर्देश दिया था। निर्देश की कॉपी उन्होंने एसपी को भेजी थी। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद शहजादनगर की पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के बाद किशोरी का महिला जिला अस्पताल में मेडिकल करवाया।