रामपुर के मिलक क्षेत्र में रेलवे फाटक पर सरिया ट्रैक से टकराने के कारण सिग्नल लाल हो गया। इससे जनसाधारण एक्सप्रेस को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकना पड़ा। ट्रेन करीब दस मिनट तक रुकी रही। इससे रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
घसीटकर ले जाया जा रहा सरिया रेल की दोनों पटरियों से एक साथ टकराने पर सिग्नल लाल हो गया। इससे ट्रैक पर आ रही जनसाधारण एक्सप्रेस के चालक को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर गाड़ी रोकनी पड़ी। ट्रैक चेक होने के बाद इस ट्रेन को करीब 10 मिनट बाद मुरादाबाद की ओर रवाना किया गया।
विज्ञापन
सरिया ले जा रहे शख्स को आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना मिलक क्षेत्र की है। रेलवे स्टाफ ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे जनसाधारण एक्सप्रेस लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। रेल फाटक बंद करके ट्रेन को ग्रीन सिग्नल दिया गया था।
इसी दौरान बंद फाटक के पास से एक शख्स जमीन पर घसीटते हुए सरिया ले जा रहा था। जैसे ही सरिया एक साथ दोनों पटरियों से टच हुआ तो सिग्नल लाल हो गया। एकाएक सिग्नल का रंग बदलता देख चालक आशंकाओं में घिर गया।
विज्ञापन
इमरजेंसी ब्रेक लगाकर फौरन ट्रेन रोकी। तेज झटके के साथ अचानक ट्रेन रुकने से भीतर बैठे यात्री भी घबरा गए। सरिया ट्रैक से दूर होते ही सिग्नल फिर ग्रीन हो गया। इसके बाद भी ट्रेन तुरंत नहीं चलाई गई। चालक की सूचना पर ट्रैकमैन मौके पर पहुंचे।
पूरी लाइन चेक की गई। सब ठीक मिलने पर 10 मिनट रुकने के बाद ट्रेन को मुरादाबाद की ओर रवाना किया गया। रामपुर की आरपीएफ इंस्पेक्टर शिखा सिंह ने बताया कि सरिया ले जा रहे शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।
वह मिलक निवासी तसब्बर अली है। उसके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रेलवे के तकनीकी स्टाफ ने बताया कि आटोमेटिक सिग्नल प्रणाली में लोहे या किसी धातु की कोई चीज दोनों पटरियों से एक साथ छू जाए तो सिग्नल लाल हो जाता है।