ठियोग में एनएच पांच पर हो रहे कार्य का निरीक्षण करते कनिष्ठ अभियंता।
- फोटो : RAMPUR-HP
ठियोग (रामपुर बुशहर)। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शिमला-रामपुर नेशनल हाईवे-5 के 23 किलोमीटर के हिस्से को करीब 25 करोड़ से चकाचक किया जाएगा। बरसात से पूर्व सड़क की हालत सुधरने से हजारों लोगों को आरामदायक सफर का लाभ मिलेगा, वहीं बागवानों को सेब की फसल मंडियों तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर इन दिनों सड़क को दुरुस्त करने का कार्य जोरशोर से चला हुआ है। बुधवार को देवी मोड़ के पास सड़क की टारिंग का कार्य जारी रहा। इस दौरान एनएच प्राधिकरण के कनिष्ठ अभियंता वीरेंद्र कंवर ने सड़क के कार्य की गुणवत्ता को जांचा। उन्होंने बताया कि सड़क को 90 एमएम की परत के साथ बनाया जा रहा है और इस कार्य की गुणवत्ता सही पाई गई है। सड़क को पक्का करने के बाद अगले पांच वर्षों तक सड़क की टारिंग करने वाली कंपनी ही सड़क की देखरेख और मरम्मत का कार्य करेगी।
उन्होंने बताया कि ठियोग से कंडयाली तक 23 किलोमीटर सड़क को 25 करोड़ की लागत से बनाया जा रहा है। सड़क को पक्का करने का कार्य जोरों से चल रहा है, लेकिन आगामी दिनों में मौसम में बदलाव आता है तो सड़क का कार्य बंद किया जा सकता है। बहरहाल एनएच की हालत सुधरने से शिमला, किन्नौर और कुल्लू जिले के हजारों लोगों को आरामदायक सफर का लाभ मिलेगा।