ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी ब्लॉक के अंतर्गत मुख्य बाजार में लोक निर्माण विभाग ने सड़क पर टारिंग कार्य शुरू कर दिया है। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। तेरह सौ मीटर सड़क पर 17 लाख रुपये के बजट से मार्ग का चकाचक किया गया है। व्यापार मंडल ननखड़ी के कारोबारियों ने सड़क की दयनीय हालत को सुधारने के लिए सरकार और लोक निर्माण विभाग का आभार जताया है।
उपप्रधान ननखड़ी संतोष मेहता, पूर्व प्रधान कुुगल बाल्टी राजेंद्र चौहान, रामगोपाल, मनोज ठाकुर, राजीव, राकेश शर्मा, विकास चौहान, पिंकी और रमेश सहित अन्य लोगों ने कहा कि सड़क की दयनीय हालत के कारण बाजार में अकसर धूल से लोग परेशान रहते थे। वहीं मरीजों सहित अन्य लोगों को हिचकोले खाते हुए आवाजाही करनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि वह सरकार से टिक्कर-खमाडी सड़क को पक्का करने की मांग भी कर रहे हैं। इस बारे में कई बार मुख्यमंत्री से मिल चुके हैं।
लोगों ने मांग उठाई कि इस मार्ग की टारिंग काम भी जल्द पूरा किया जाए, ताकि सेब बहुल क्षेत्रों के बागवानों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके। लोक निर्माण विभाग ननखड़ी के एसडीओ बृजलाल धीमान ने कहा कि 1300 मीटर सड़क पर टारिंग की गई है। 17 लाख के बजट से सड़क की दशा को सुधारा गया है।