रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर में कोरोना वैक्सीनेशन के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केेंद्रों में भी टीकाकरण होगा। इसका मकसद लोगों को नजदीकी केंद्रों में सेवा उपलब्ध करवाना है। टीकारण अभियान की तैयारियों को लेकर वीरवार को जिला स्तरीय टॉस्क फोर्स की बैठक सहायक आयुक्त मुनीष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले भर में टीकाकरण को लेकर रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में बताया कि कोविड-टीकाकरण के तृतीय चरण में ऐसे सभी व्यक्ति, जिनकी आयु 60 वर्ष से अधिक है, का टीकाकरण और ऐसे व्यक्ति जिनकी आयु 45 वर्ष से 59 वर्ष के बीच में है उनका टीकाकरण किया जा रहा है। इसके लिए सभी पात्र व्यक्ति मोबाइल एप, आरोग्य सेतु एप और कोविड पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। लो लोग पंजीकरण करना नहीं जानते हैं, वे निकटतम क्षेत्रीय अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उपस्वास्थ्य केंद्रों पर भी टीकाकरण के लिए पंजीकरण कर सकते हैं।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी ने बताया क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ समेत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांगला, पूह, भावानगर, निचार, नागरिक अस्पताल चांगो, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कल्पा, लियो, मीरू, किल्बा, हांगो, उरनी, छितकुल, ज्ञाबुंग, टापरी, सापनी, कटगांव, स्पीलो, रूपी सहित जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में 13 अप्रैल तक कोविड टीकाकरण किया जाएगा।