रामपुर बुशहर। जनजातीय जिला किन्नौर में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 71 नए मामले सामने आए हैं जबकि रामपुर में 17 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। प्रशासन ने सभी मरीजों को होम आइसोलेट कर उपचार शुरू कर दिया है। किन्नौर जिले में कोविड-19 के 1709 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी ने बताया कि जिले में आज कुल 581 सैंपल लिए गए, जिनमें 71 सैंपलों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। आईजीएम सी शिमला भेजे गए 100 सैंपल की रिपोर्ट का अभी इंतजार है। पॉजिटिव आने वालों में अकप्पा से 24 मजदूर, पूह से ग्रेप के 11 मजदूर, रिस्पा से 5 मामले, लियो से 5 , मोरंग से 2, चांगो से एक, सांगला से 3, निचार से 3, रिकांगपिओ पुलिस लाइन, ब्रेलेंगी, कोर्ट कालोनी, पांगी और फॉरेस्ट कालोनी से 17 मामले आए हैं। जिले मे अभी तक कोविड-19 के 35858 सैंपल लिए जा चुके हैं। इसमें 33605 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई हैं।
जिले में अभी तक 2163 मामले पॉजिटिव आए हैं जबकि 1709 कोरोना मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में संक्रमण के 418 सक्रिय मामले हैं। कोविड महामारी के कारण जिले मे अभी तक 26 रोगियों की मौत हो चुकी है।
बीएमओ रामपुर में 86 लोगों के सैंपल एकत्रित किए गए थे। इसमें 10 लोगों के सैंपल पॉजिटिव आए हैं। जबकि बीएमओ ननखड़ी में 5, खनेरी अस्पताल 2 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने लोगों से अपील की है कि जरूरी काम के बिना बाजार न आएं और नियमों का पालन करें।