कोटखाई(रोहड़ू)। कोटखाई में ट्रॉमा सेंटर की आधारशिला शीघ्र रखी जाएगी। ट्रॉमा सेंटर की ड्राइंग बनकर तैयार हो गई है। यह बात कोटखाई के बखोल पंचायत और महासू पंचायत में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कही।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय नरेंद्र बरागटा के सपनों को पूरा किया जाएगा। वह बखोल और महासू पंचायत में सोमवार को नरेंद्र बरागटा की दिवंगत आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री कोटखाई स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण भी किया।
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नरेंद्र बरागटा बागवानों और किसानों की बुलंद आवाज थे, जिन्हें खोकर यहां के बागवान और किसान को ही क्षति नहीं पहुंची है, बल्कि पार्टी को भी उनके जाने की भारी नुकसान हुआ है। सैजल ने कहा कि बरागटा ने इस क्षेत्र को लेकर जो भी सपने देखे थे वे पूरे किए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र के लिए ट्रॉमा सेंटर की जो स्वीकृति करवाई थी, उसका जल्द ही मुख्यमंत्री से शिलान्यास करवाया जाएगा।
ट्रॉमा सेंटर को बनाने के लिए शिमला से एक टीम का गठन हुआ था। टीम ने यहां की रिपोर्ट तैयार कर दी है। इसकी ड्राइंग भी तैयार हो चुकी है। अब जल्द ही मुख्यमंत्री से ट्रॉमा सेंटर का शिलान्यास करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अब कोरोना के मामलों में काफी कमी आई है। हिमाचल प्रदेश वैक्सीनेशन पर नंबर एक पर है। वैक्सीनेशन को खराब नहीं किया गया। जबकि उसका सही ढंग से इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे हिमाचल वासियों को भरपूर लाभ मिला है।